भारत ने 26/11 पर पाकिस्तान के सवालों का जवाब दिया
नई दिल्ली, 18 जून (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान के बीच 24 जून को होने वाली विदेश सचिव स्तरीय बैठक से पूर्व भारत ने 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमलों के संदर्भ में पाकिस्तान द्वारा उसके छह दस्तावेजों के माध्यम से पूछे गए प्रश्नों का शुक्रवार को औपचारिक जवाब दिया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने यहां संवाददाताओं को बताया कि विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव एवं पाकिस्तान से संबंधित मामलों के प्रभारी वाई.के. सिन्हा ने भारत में पाकिस्तान के उप उच्चायुक्त रिफ्फात मसूद को 'उत्तरों के दस्तावेज' सौंपे। ये दस्तावेज पाकिस्तान की ओर से गत 25 अप्रैल को सौंपे गए दस्तावेजों के जवाब में दिए गए हैं।
मसूद ने आईएएनएस को बताया, "इनमें मुंबई से संबद्ध कुछ दस्तावेज हैं।"
पाकिस्तान ने भारत को मुंबई हमलों की जांच से जुड़े घटनाक्रम और पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल आमिर कसाब तथा भारतीय आरोपी फहीम अंसारी के प्रत्यर्पण की मांग से संबद्ध छह दस्तावेज सौंपे थे।
मुंबई की विशेष अदालत ने कसाब को सजा-ए- मौत सुनाई है जबकि अंसारी को बरी कर दिया है।
विदेश सचिव निरूपमा राव और पाकिस्तान के विदेश सचिव सलमान बशीर के बीच इस्लामाबाद में होने वाली बैठक के दौरान, 26/11 के आतंकी हमले की साजिश रचने के सात आरोपियों पर चल रहे मुकदमे की प्रगति पर विशेष रूप से चर्चा होगी। ये सातों आरोपी लश्कर-ए तैयबा के सदस्य हैं।
विदेश सचिवों की बैठक में 15 जुलाई को दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक का आधार तैयार होगा।
भारत ने 25 फरवरी को हाफिज सईद सहित पाकिस्तानी नागरिकों से संबंधित तीन दस्तावेज सौंपे थे। इससे पहले पाकिस्तान को भारत ने सात दस्तावेज सौंपे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications