भारत में नहीं रोजगार, अमेरिका में पैदा किए 60 हजार
वाशिंगटन। अमेरिकियों को अक्सर ये कहते सुना जा सकता है कि उनके यहां के रोजगार भारत के बेंगलुरू में जा रहे हैं। लेकिन सच यह है कि भारत ने पिछले पांच साल में अमेरिका में 26.6 अरब डॉलर का निवेश किया है और यहां 60 हजार रोजगार पैदा किये हैं।
अमेरिकी सांसद जिम मेक्डरमोट ने मंगलवार को यह रिपोर्ट 'अमेरिका-भारत आर्थिक संबंधों के प्रभाव' जारी की। रिपोर्ट में पेश किए गए आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2004 से 2009 के बीच 239 भारतीय कंपनियों ने अधिग्रहण के जरिए अमेरिका की 372 कंपनियों में 21 अरब डॉलर का निवेश किया। साथ ही 5.5 अरब डॉलर के 127 ग्रीनफील्ड प्रस्तावों में निवेश किया है।
मेरीलैंड विश्वविद्यालय, भारत-अमेरिका विश्व संबंध संस्थान और फिक्की(भारत) द्वारा संयुक्त रूप से तैयार की गई इस रिपोर्ट में कहा गया है कि 127 ग्रीनफील्ड प्रस्तावों के तहत भारतीय कंपनियों ने अमेरिका में नए उद्यम शुरू किए जिससे 16,576 नए रोजगारों का सृजन हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के मिनेसोटा, वर्जीनिया और टेक्सास में सबसे ज्यादा ग्रीनफील्ड परियोजनाएं शुरू हई हैं जबकि ओहियो, टेक्सास और कैलिफोर्निया में सबसे ज्यादा रोजगार पैदा हुए हैं। उल्लेखनीय है कि सॉफ्टवेयर और सूचना प्रौद्योगिकी में कुल भारतीय निवेश का केवल 15 प्रतिशत ही निवेश हुआ है जबकि ज्यादातर निवेश खनन, निर्माण और औद्योगिक क्षेत्र में हुआ है












Click it and Unblock the Notifications