उप्र में मानसून देर से देगा दस्तक.. (लीड-1)
लखनऊ, 17 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में मानसून की राह देख रहे लोगों को अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा क्योंकि मौसम विभाग के मुताबिक यहां मानसून चार-पांच दिन देरी से पहुंचेगा। राज्य में सामान्य तौर पर मानसून 15 जून तक पहुंच जाता है।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया, "उत्तर प्रदेश में मानसून 19-20 जून तक पहुंचने के आसार हैं। अरब सागर में उठे उष्णकटीबंधीय चक्रवात 'पेटा' की वजह से मानसून पहुंचने में देरी हो रही है।"
गुप्ता ने कहा कि मानसून राज्य की पूर्वी सीमा की तरफ से प्रवेश करेगा। राजधानी लखनऊ में यह कुछ दिन विलंब से 20-22 जून तक पहुंचेगा। सामान्य रूप से 18 जून तक मानसून लखनऊ में दस्तक दे देता है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि 22-23 जून तक मानसून पूरे राज्य में पहुंच जाएगा।
उधर, राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश और बादल छाये रहने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
गोरखपुर, वाराणसी, बहराइच, बरेली और आगरा सहित कई स्थानों पर बुधवार को लगभग दिन भर बादल छाये रहे और शाम को बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश वाराणसी में (9.0 मिलीमीटर) दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटों के दौरान गोरखपुर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक था। राज्य में झांसी का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री, इलाहाबाद का 35.9 डिग्री, आगरा का 32.0 डिग्री, वाराणसी का 35.4 डिग्री और राजधानी लखनऊ का 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वाचल में तेज आंधी के साथ बारिश हाने की संभावना जताई गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।