11 पासपोर्ट के साथ कबूतरबाज गिरफ्तार
मुगलसराय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2-3 से गुरुवार शाम राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने इंद्रभूषण शर्मा (34) को विभिन्न नामों के पासपोर्टो के साथ पकड़ा।
मुगलसराय जीआरपी चौकी प्रभारी त्रिपुरारी पांडे ने संवाददाताओं को बताया कि शर्मा गोरखपुर का रहने वाला है। उसके पास से जब्त पासपोर्टो में से तीन एक ही नाम और बाकी अलग-अलग नामों से हैं।
उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया ये फर्जी प्रतीत हो रहे हैं। लेकिन पासपोर्ट विभाग से जांच पड़ताल करवाने के बाद ही हम इनके सही और गलत होने के बारे में पुख्ता तौर पर कह पाएंगे।
पांडे के मुताबिक शर्मा ने प्रारंभिक पूछताछ में स्वीकार किया कि पिछले कई सालों से इस धंधे में लिप्त हैं। कोलकाता स्थित अमर ट्रैवल एजेंसी के लिए वह काम करता है जो मोटी रकम लेकर लोगों को फर्जी तरीके से विदेशों में भेजती है।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति से उसके गिरोह और संपर्को के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications