इंडोनेशिया में भूकंप, 2 की मौत (लीड-1)
जकार्ता, 16 जून (आईएएनएस)। इंडोनेशिया के पूर्वी पापुआ प्रांत में बुधवार को रिक्टर पैमाने पर 7.1 की तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी वजह से मकान ढहने से दो लोगों की मौत हो गई।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार शक्तिशाली भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई, लेकिन एक घंटे बाद उसे वापस ले लिया गया।
स्थानीय पुलिसकर्मी ने बताया कि येपन द्वीप के सेरूई जिले में एक मकान ढहने से उसके मलबे में दबकर मां और बच्चे की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि भूकंप की वजह से छह मकानों में आग लग गई और एक गिरजाघर और एक स्कूल की इमारत नष्ट हो गई। कुछ लोग सुनामी के भय से पर्वतों पर चढ़ गए।
मौसम एवं भूभौतिकी एजेंसी के अनुसार भूकंप के झटके 12.16 बजे महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र बाएक जिले से 123किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में 10 किलोमीटर गहराई में था।
भूकंप के बाद रिक्टर पैमाने पर 6.2 और 6.6 तीव्रता के दो और झटके भी महसूस किए गए जिनकी वजह से बाएक और मनोकवारी जिलों में आतंक फैल गया।
बाएक में मौसम एवं भूभौतिकी एजेंसी के अधिकारी इब्नू सुलिसत्योनो ने बताया, "हमने धरती और इमारतों को बुरी तरह हिलता महसूस किया।"
उन्होंने बताया, "लोग भयभीत होकर घरों से निकल आए लेकिन यहां कोई नुकसान दिखाई नहीं दे रहा।"
बाएक की रहने वाली युलियाना ने मेट्रो टीवी को बताया कि स्थानीय लोग अपने घर छोड़कर ऊंचाई वाले स्थानों पर जाने को तैयार थे। उन्होंने बताया, "जब भूकंप का दूसरा झटका आया, तो लोगों ने काम बंद कर दिया और वे घबरा गए।"
दिसंबर 2004 में सुमात्रा में आए रिक्टर पैमाने पर 9.2 की तीव्रता के भूकंप की वजह से उठी सुनामी में अकेले आचेह प्रांत में ही 1,70,000 से ज्यादा लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications