पश्चिम बंगाल में 8 नक्सली मारे गए
लालगढ़, 16 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मिदनापुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन महिला नक्सलियों सहित कुल आठ नक्सली मारे गए हैं।
पुलिस के अनुसार लालगढ़ के रांझा जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ मंगलवार देर रात आरंभ हुई। पुलिस अधीक्षक मनोज वर्मा ने आईएएनएस को बताया कि केंद्रीय अर्धसैनिक बल और पुलिस के जवानों ने इस इलाके में संयुक्त अभियान चलाया था।
वर्मा ने कहा कि पूरी रात गोलीबारी चलती रही। मुठभेड़ अभी तक जारी है। सुरक्षा बलों ने मौके से एके-47, दो पिस्तौल और विस्फोटक बरामद किए।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान ने कहा कि आठ नक्सलियों के शव जंगल में पड़े हैं। इनमें तीन महिलाओं के शव हैं।
सीआरपीएफ जवान ने कहा, "हम इस बार शवों को बरामद कर लेंगे। यह एक विरला मौका होगा जब सुरक्षा बल मुठभेड़ में मारे नक्सलियों के शव बरामद करेंगे। आमतौर पर नक्सली अपने साथियों के शव लेकर चले जाते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications