भारत ने अमेरिका में 60 हजार रोजगार पैदा किए
वाशिंगटन, 16 जून (आईएएनएस)। भारत के बारे में अमेरिकी राजनेता अक्सर कहते हैं कि वह उसके रोजगार छीनकर 'बफेलो से बेंगलुरू' ले जा रहा है, लेकिन असलियत यह है कि भारत ने पिछले पांच साल में अमेरिका में 26.6 अरब डॉलर का निवेश किया है और 60 हजार रोजगारों का निर्माण किया है।
वर्ष 2004 से 2009 के बीच 239 भारतीय कंपनियों ने अधिग्रहण के जरिए अमेरिका की 372 कंपनियों में 21 अरब डॉलर का निवेश किया है, और 5.5 अरब डॉलर के 127 ग्रीनफील्ड प्रस्तावों में निवेश किया है।
सांसद जिम मेक्डरमोट द्वारा मंगलवार को जारी की गई रिपोर्ट 'अमेरिका-भारत आर्थिक संबंधों के प्रभाव' शीर्षक से जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
मेरीलैंड विश्वविद्यालय और भारत-अमेरिका विश्व संबंध संस्थान और फिक्की द्वारा संयुक्त रूप से तैयार की गई इस रिपोर्ट में कहा गया है कि 127 ग्रीनफील्ड प्रस्तावों के तहत भारतीय कंपनियों ने अमेरिका में नए उद्यम शुरू किए हैं और इससे 16,576 नए रोजगारों का सृजन हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक मिनेसोटा, वर्जीनिया और टेक्सास में सबसे ज्यादा ग्रीनफील्ड परियोजनाएं शुरू हई हैं जबकि ओहियो, टेक्सास और कैलिफोर्निया में सबसे ज्यादा रोजगार पैदा हुए हैं।
अमेरिकी राजनेताओं द्वारा सबसे ज्यादा आलोचना किए जाने वाले क्षेत्र सॉफ्टवेयर और सूचना प्रौद्योगिकी में कुल भारतीय निवेश का केवल 15 प्रतिशत ही निवेश हुआ है और ज्यादातर निवेश खनन, निर्माण और औद्योगिक क्षेत्र में हुआ है।
अमेरिका में लगाए गए नए उद्योगों में सबसे ज्यादा धातु, सेवाएं, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सॉफ्टवेयर, मनोरंजन, औद्योगिक मशीनरी, उपकरण और वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications