परमाणु करार पर चर्चा करेंगे भारत-दक्षिण कोरिया
विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा दक्षिण कोरिया के अपने समकक्ष यू म्युंग ह्वान के साथ दोनों के बीच आर्थिक, रक्षा और सांस्कृतिक समझौतों सहित अन्य मुद्दों पर प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता करेंगे।
दोनों देशों के मंत्री भारत-दक्षिण कोरिया संयुक्त आयोग की छठी बैठक की साझा अध्यक्षता भी करेंगे।
कृष्णा की तीन दिवसीय दक्षिण कोरिया यात्रा गुरुवार को शुरू हो रही है। उन्हें राष्ट्रपति ली म्युंगबक ने भी आमंत्रित किया है।
विदेश मंत्रालय में पूर्वी एशिया मामलों के प्रभारी संयुक्त सचिव गौतम बंबावले ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि वार्ता के दौरान मुख्य रूप से असैन्य परमाणु सहयोग पर चर्चा होगी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि असैन्य परमाणु सहयोग के मुद्दे पर दोनों पक्ष संपर्क में रहे हैं और भारत इस क्षेत्र में प्रगति की उम्मीद रखता है।
परमाणु आपूर्ति समूह के सदस्य दक्षिण कोरिया ने सितंबर, 2008 में भारत के लिए अधित्याग का समर्थन किया था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने पत्रकारों को बताया, "वार्ता के बाद कुछ समझौते होने की पूरी संभावना है। "
उन्होंने कहा, "द्विपक्षीय समझौतों से दोनों देशों के बीच संबंधों में मजबूती और रणनीतिक साझेदारी को नई गति मिलेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications