मुठभेड़ में 8 नक्सली ढेर, शव बरामद (लीड-2)
पुलिस के अनुसार लालगढ़ से 20 किलोमीटर दूर रांझा जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ मंगलवार देर रात आरंभ हुई। मारे गए नक्सलियों में ज्यादातर किशोर थे।
पुलिस का कहना है कि हमें जितने शव मिलें हैं, नक्सलियों को उससे कहीं ज्यादा नुकसान हुआ है, वे कई शवों और घायलों को उठाकर अपने साथ ले गए हैं।
राज्य के पुलिस महानिदेशक भूपिंदर सिंह ने आईएएनएस को बताया, "हमने आठ शव बरामद किए हैं। एक घायल नक्सली को गिरफ्तार किया गया है।"
मुठभेड़ बुधवार सुबह तक जारी रही। सुरक्षा बलों ने मौके से एके-47, दो पिस्तौल और विस्फोटक बरामद किए।
सलबोनी पुलिस थाने में पश्चिमी मिदनापुर के पुलिस अधीक्षक मनोज वर्मा और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के उप महानिरीक्षक बी. के. शर्मा ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि बरामद किए गए शवों की पहचान की जा रही है।
शर्मा ने कहा, "हमारी टीम अभी वापस नहीं लौटी है, जांच अभियान अभी जारी है।"
मनोज वर्मा ने कहा कि यह अभियान पिछले एक साल में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए सभी अभियानों में सबसे बड़ा अभियान है। इसके जरिए इस क्षेत्र में नक्सलियों को पूरी तरह खत्म करने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा, "18 जून से शुरू हुए इस अभियान में इन आठ नक्सलियों समेत अब तक 20 नक्सलियों को खत्म किया गया है।"
सीआरपीएफ जवान ने कहा, "इस बार हमने शवों को बरामद किया है। यह एक विरला मौका होगा जब सुरक्षा बल ने मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों के शव बरामद किए। आमतौर पर नक्सली अपने साथियों के शव लेकर चले जाते हैं।"
वर्मा ने कहा कि हमें सूचना मिली थी कि 40-45 नक्सलियों ने जंगल में अपना अड्डा तैयार किया है, जब केद्रीय अर्धसैनिक बल और पुलिस के जवान वहां पहुंचे तो उन्होंने हम पर गोलीबारी शुरू कर दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications