आडवाणी और उमा साथ-साथ पहुंचे रायपुर
रायपुर, 16 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसदीय दल के अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी बुधवार को मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के साथ विशेष विमान से नई दिल्ली से रायपुर पहुंचे। इसे उमा की भाजपा में वापसी का संकेत माना जा रहा है।
सुबह तकरीबन 10 बजे जैसे ही रायपुर के माना हवाई अड्डे पर विमान पहुंचा, वैसे ही पत्रकारों ने उमा को भी विमान से बाहर निकलते देखा। आडवाणी और उमा के अलावा पूर्व पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह और प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद भी साथ थे।
भाजपा सूत्रों ने बताया है कि चारों नेता लगभग 40 मिनट तक रायपुर में रूके और नाश्ता करने के बाद कवर्धा में मुख्यमंत्री रमन सिंह के पिता की मृत्यु पर आयोजित शोक सभा में हिस्सा लेने के लिए निकल गए। रमन सिंह के पिता की गत चार जून को मृत्यु हो गई थी।
ज्ञात हो कि उमा को वर्ष 2005 में भाजपा से निष्कासित कर दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications