नौका हादसा : मरने वालों की संख्या 55 हुई
इससे पहले सोमवार रात तक 47 शव निकाले गए थे। कई लोग अभी तक लापता हैं। मरने वालों की संख्या में अभी इजाफा हो सकता है। मरने वाले 55 लोगों में से 17 पुरुष, 17 महिलाएं, 21 बच्चे (13 लड़कियां, 8 लड़के) शामिल हैं।
यह दुर्घटना सोमवार सुबह दुबहट थाना क्षेत्र के उजौलिया घाट पर उस समय हुई जब अलग-अलग परिवारों के 65 से ज्यादा लोगों को ले जा रही एक नाव गंगा नदी में डूब गई। पुलिस के मुताबिक पास के नसीराबाद और हिरहरपुर गांवों के लोग नाव पर सवार होकर मुंडन संस्कार कराने के लिए जा रहे थे।
जिला प्रशासन का मानना है कि है कि घटना के समय नाव में करीब 65 लोग सवार थे, लेकिन सही संख्या की अभी जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस हादसे की वजह नाव में क्षमता से ज्यादा लोगों का सवार होना मान रही है।
नाव की क्षमता करीब 30 लोगों की थी और उस पर 60 से ज्यादा लोग सवार थे। इस हादसे में बाल-बाल बचे राम सुमेर ने संवाददाताओं को बताया कि नाव बहुत जर्जर थी और उसमें क्षमता से अधिक लोग सवार हो गये थे।
इसकी वजह से वह बीच धारा में अचानक पलट गई। मुख्यमंत्री मायावती की तरफ से मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की गई है।













Click it and Unblock the Notifications