जहाजी बेड़े पर कार्रवाई की जांच के लिए आयोग गठित (लीड-1)
जेरूसलम, 14 जून (आईएएनएस)। पिछले दिनों गाजा के लिए सहायता सामग्री ले जा रहे छह जहाजों पर की गई सैन्य कार्रवाई की जांच के लिए इजरायल ने एक स्वतंत्र आयोग का गठन किया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को अपनी लिकुद पार्टी के साथ बैठक की और इसके बाद आयोग का गठन किया गया।
सेवानिवृत्त न्यायधीश याकोव टिर्केल (75) इस आयोग की अध्यक्षता करेंगे। इसमें दो अन्य इजरायली भी शामिल किए गए हैं। आयरिश शांति पुरस्कार विजेता विलियम डेविड ट्रिम्बल और कनाडाई वकील केन वाटकिन को अंतर्राष्ट्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
उधर, अमेरिकी व्हाइट हाउस के प्रवक्ता रॉबर्ट गिब्स ने रविवार को कहा, "इस जांच के लिए इजरायल के आयोग को अपना समय लेना चाहिए। परंतु हम आशा करते हैं कि इजरायल की ओर से जांच शीघ्र की जाएगी।"
गिब्स ने कहा, "हम यह भी उम्मीद करते हैं कि जांच के जतीजों को सार्वजनिक किया जाएगा। इसे अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के सामने भी लाया जाएगा।"
गौरतलब है कि 31 मई को इजरायल की नौसेना ने गाजा की ओर बढ़ रहे जहाजों पर गोलीबारी की थी। इसमें नौ लोग मारे गए थे और कई घायल हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications