इंदवार को अगवा करने वाले 2 नक्सली गिरफ्तार
रांची, 14 जून (आईएएनएस)। झारखण्ड के खुफिया अधिकारी फ्रांसिस इंदवार को अगवा करने वाले दो नक्सलियों को पुलिस ने राजधानी के बाहरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। इंदवार को अगवा किए जाने के बाद गला काटकर उनकी हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि लक्ष्मी मुंडा और पवन मुंडा को रांची के बाहरी इलाके से गिरफ्तार किया गया। लक्ष्मी को उलिदा गांव से रविवार को तथा पवन को शनिवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक लक्ष्मी ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि वह उन पांच नक्सलियों में शामिल था जिसने पुलिस निरीक्षक इंदवार को गत अक्टूबर में अगवा किया था। बाद में नक्सलियों ने खुफिया अधिकारी इंदवार का सिर, धड़ से अलग कर दिया था।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार ने आईएएनएस को बताया, "लक्ष्मी ने स्वीकार किया है कि दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच नक्सलियों ने इंदवार को खूटी जिले के हेम्ब्रोम बाजार से अगवा कर लिया था।"
इंदवार को अगवा करने के बाद उसे प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के क्षेत्रीय कमांडर कुंदन फहान को सौंप दिया गया था। पांच दिनों बाद इंदवार का क्षत-विक्षत शव तमीरा घाटी के निकट रांची-जमशेदपुर मार्ग से बरामद किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications