समुद्री सीमा विवाद पर विकल्प खुले: बांग्लादेश
ढाका, 14 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश ने कहा है कि भारत और म्यांमार के साथ समुद्री सीमा विवाद के मैत्रीपूर्ण समाधान के लिए उसके विकल्प खुले हैं हालांकि उसने विवाद के निपटारे के लिए संयुक्त राष्ट्र को शामिल करने की बात की।
बांग्लादेश की विदेश मंत्री दीपू मोनी ने रविवार को कहा, "हमने भारत और म्यांमार में समुद्री सीमा से जुड़े विवादों पर द्विपक्षीय बातचीत के जरिए मैत्रीपूर्ण समाधान खोजने के लिए अपने विकल्प खुले रखे हैं।"
विवाद के त्वरित निपटारे के लिए संयुक्त राष्ट्र के तत्वावधान में एक अंतर्राष्ट्रीय न्यायाधीकरण गठन किया गया था और मसले पर बातचीत के लिए भारत और बांग्लादेश को जर्मनी बुलाया गया था।
मोनी ने कहा कि बांग्लादेश संयुक्त राष्ट्र में एक जुलाई तक एक ज्ञापन सौंपेगा। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना की जनवरी की भारत यात्रा के दौरान समुद्री सीमा विवाद के मैत्रीपूर्ण समाधान के लिए दोनों देश सहमत हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।