नक्सलियों के बंद से रेल यातायात प्रभावित
पटना, 14 जून (आईएएनएस)। बिहार में नक्सलियों के दो दिन के बंद का असर रेल यातायात पर पड़ा है। बंद की वजह से कम से कम नौ रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया जबकि कुछ के मार्गो में परिवर्तन कर दिया गया।
पूर्व-मध्य रेलवे के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि बिहार-बरका काना सिंगरौली एक्सप्रेस, बरका काना-पटना एक्सप्रेस, और सिंगरौली-गढ़वा एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। सुरक्षाबलों को सतर्क कर दिया गया है।
राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पी.के.ठाकुर ने बताया, "सुरक्षाबलों को सतर्क कर दिया गया है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।"
बंद का असर कुछ ग्रामीण इलाकों में देखा गया जहां सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई। लंबी दूरी के कुछ मार्गो पर बस सेवाएं रोक दी गई हैं।
गौरतलब है कि प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने बिहार, झारखण्ड और पश्चिम बंगाल में दो दिनों के बंद का ऐलान किया है। नक्सलियों ने अपने दो नेताओं शंभु जी और कमरुद्दीन की गिरफ्तारी के विरोध में बंद का ऐलान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications