उप्र में बारिश के बावजूद गर्मी बरकरार
लखनऊ, 14 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश के बावजूद राज्य में भीषण गर्मी की तपिश और लू का कहर कम होने के नाम नहीं ले रहा है। राज्य में सोमवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के गोरखपुर, बहराइच, बरेली, इलाहाबाद और लखनऊ सहित कई जिलों में रविवार को धूल भरी आंधी के बाद हुई तेज बारिश का आनंद लोगों ने जमकर उठाया। मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक गोरखपुर में सबसे अधिक 47.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
तेज आंधी और बारिश के बावजूद अधिकतम तापमान पर असर देखने को नहीं मिल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान झांसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 46.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक था।
इसके अलावा आगरा का अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री, इलाहाबाद का 41.5 डिग्री, कानपुर का 40.6 डिग्री और राजधानी लखनऊ का 40.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वाचल और मध्य भाग में तेज आंधी के साथ बारिश के आसार व्यक्त किये हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications