गंगा में नाव डूबी, 25 मरे (लीड-3)
यह घटना दुबहट थाना क्षेत्र के उजौलिया घाट की है। यहां सोमवार सुबह अलग-अलग परिवारों के तकरीबन 65 लोगों को लेकर जा रही एक नाव गंगा नदी में डूब गई। पुलिस के मुताबिक पास के नसीराबाद और हिरहरपुर गांवों के लोग नाव पर सवार होकर मुंडन संस्कार कराने के लिए जा रहे थे।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने संवाददाताओं को बताया कि ताजा जानकारी के मुताबिक 25 शव नदी से निकाले जा चुके हैं। 17 लोग अभी भी लापता हैं। मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
लाल ने कहा कि राहत और बचाव कार्य काम युद्धस्तर पर जारी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 25 मृतकों में 9 पुरुष, 9 महिलाएं और 7 बच्चे शामिल हैं। जिलाधिकारी सेंथिल पांडियन ने आईएएनएस को बताया कि बचाव दल द्वारा करीब 10 लोगों को बचा लिया गया है, जिनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
दुबहट थाना प्रभारी एस.एन. यादव ने संवाददाताओं को बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे के पीछे कारण नाव में क्षमता से ज्यादा लोगों का सवार होना प्रतीत हो रहा है। नाव की क्षमता करीब 30 लोगों की थी और उस पर तकरीबन 60 लोग सवार थे।
हादसे में बाल-बाल बचे राम सुमेर ने संवाददाताओं को बताया कि नाव बहुत जर्जर अवस्था में थी और उसमें क्षमता से अधिक लोग सवार हो गये थे। जिसकी वजह से वह बीच धारा में अचानक पलट गई।
मुख्यमंत्री मायावती ने घटना के प्रति दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications