गंगा नदी में नाव डूबी, 18 की मौत (लीड-2)
बलिया, 14 जून(आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में सोमवार को गंगा नदी में एक नाव पलटने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। करीब 20 लोग लापता बताये जा रहे हैं।
यह घटना दुबहट थाना क्षेत्र के उजौलिया घाट की है। यहां सोमवार सुबह अलग-अलग परिवारों के तकरीबन 65 लोगों को लेकर जा रही एक नाव गंगा नदी में डूब गई। बलिया पुलिस के प्रवक्ता अभय कुमार ने आईएएनएस को बताया कि अब तक राहत और बचाव कार्य में लगे गोताखारों द्वारा 18 शव निकाले जा चुके हैं।
जिले के पुलिस अधीक्षक वी.के.शेखर ने बताया कि मरने वालों में ज्यादा संख्या महिलाओं की है। उन्होंने कहा कि गोताखोरों की मदद से राहत व बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। जिलाधिकारी सेंथिल पांडियन ने आईएएनएस को बताया कि मरने वालों की संख्या में अभी इजाफा हो सकता है क्योंकि नाव में सवार कई लोग अभी तक लापता हैं।
पांडियन ने कहा कि बचाव दल ने करीब 10 लोगों को बचा लिया है जिनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। इनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक नाव सवार लोग मुंडन संस्कार कराने के लिए जा रहे थे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि फिलहाल जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक अलग-अलग गांवों के लोग नाव में सवार होकर मुंडन संस्कार की रस्म के लिए जा रहे थे।
हादसे में बाल-बाल बचे राम सुमेर ने संवाददाताओं को बताया कि नाव बहुत जर्जर अवस्था में थी और उसमें क्षमता से अधिक लोग सवार हो गये थे। जिसकी वजह से वह बीच धारा में अचानक पलट गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications