कई जगह बारिश, पर उत्तर भारत में गर्मी बरकरार (लीड-1)
दिल्लीवासियों को सोमवार को भी तपिश से निजात मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने राजधानी में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना के साथ ही हल्की बारिश की भी उम्मीद जताई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो साल के इस समय के लिए औसत तापमान से तीन डिग्री नीचे था।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "दिल्ली में धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने की उम्मीद है।"
मध्य प्रदेश में बढ़ते तापमान के बीच गर्मी की तपिश और लू ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना भी जताई है।
मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के मुताबिक राज्य के अधिकांश हिस्सों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। भोपाल का अधिकतम तापमान 43़ 0 डिग्री सेल्सियस, इंदौर 42़ 7 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर 45.1 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का 43़ 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश के बावजूद राज्य में भीषण गर्मी की तपिश और लू का कहर कम होने के नाम नहीं ले रहा है। राज्य में सोमवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के गोरखपुर, बहराइच, बरेली, इलाहाबाद और लखनऊ सहित कई जिलों में रविवार को धूल भरी आंधी के बाद हुई तेज बारिश का आनंद लोगों ने जमकर उठाया। मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक गोरखपुर में सबसे अधिक 47.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
तेज आंधी और बारिश के बावजूद अधिकतम तापमान पर असर देखने को नहीं मिल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान झांसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 46.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक था।
इसके अलावा आगरा का अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री, इलाहाबाद का 41.5 डिग्री, कानपुर का 40.6 डिग्री और राजधानी लखनऊ का 40.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वाचल और मध्य भाग में तेज आंधी के साथ बारिश के आसार व्यक्त किये हैं। कोंकण, गोवा, लक्ष्यद्वीप, केरल और कर्नाटक के तटीय इलाकों में बारिश की उम्मीद जाहिर की जा रही है। इसके अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, झारखण्ड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, अंडमान निकोबार एवं द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, विदर्भ और पूर्वोत्तर राज्यों में तेज हवाओं के साथ वर्षा की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी राज्यों जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड में अगले 48 घंटों के दौरान गरज के साथ बारिश हो सकती है। दिल्ली, पंजाब, हरियाण और राजस्थान में धूल भरी आंधी और गरज के साथ छीटें पड़ने की संभावना है, वहीं उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटों के दौरान वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। पश्चिमोत्तर और मध्य भारत में अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications