पिता ने 5 बेटियों को कुल्हाड़ी से काट डाला
सीहोर। अपराध का अभिप्राय बनते जा रहे मध्य प्रदेश में पिता ने अपनी पांच बेटियों को कुल्हाड़ी से काट डाला। यह घटना सिहोर जिले की है। हत्यारे बाप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक इच्छावर थाने के कनेरिया गांव में रहने वाले मगन लाल ने शुक्रवार की रात को नशे की हालत में अपनी पांच बेटियां-फूल कुंवर, आरती, लीला, सविता और जमुना को कुल्हाड़ी से काट डाला। बेटियों की उम्र एक से छह वर्ष के बीच थी। मगन ने जब इस कृत्य को अंजाम दिया, तब घर पर कोई नहीं था। उसकी दो पत्नियां हैं जो घर पर नहीं थीं। उनके लौटने पर बेटियों की हत्या का राज खुला।
सीहोर के पुलिस अधीक्षक केडी पाराशर ने बताया कि मगन ने पांचों बेटियों की हत्या नशे की हालत में की है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मगन का कहना है कि उस पर भारी कर्ज था और उसी के तनाव में उसने यह कदम उठाया, जबकि पाराशर के मुताबिक मगन की माली हालत इतनी भी खराब नहीं है कि वह आर्थिक तंगी में अपनी बेटियों की हत्या कर डाले। पुलिस इसके पीछे अन्य कारण भी मान रही है।












Click it and Unblock the Notifications