असम के स्कूल में 9 बच्चों की पिटाई, सरकार ने चेताया
मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने पत्रकारों से कहा, "हम बच्चों को शारीरिक दंड देने वाले शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। किसी भी शिक्षक को छात्रों की पिटाई के लिए रॉड या बेंत का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।"
मुख्यमंत्री लखीमपुर जिले स्थित बोरदेओरी के गुरदेव मिडिल इंगलिश स्कूल में शनिवार को हुई घटना पर प्रतिक्रिया जता रहे थे, जहां प्रधानाध्यापक चंद्रेश्वर मिरी बरुआ ने छठी कक्षा के नौ छात्रों की बुरी तरह पिटाई की।
घटना के बाद से प्रधानाध्यापक फरार है।
सभी घायल छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रधानाध्यापक कथित तौर पर नशे में था, जब उसने कक्षा में एक सवाल का जवाब नहीं देने पर छात्रों की पिटाई कर दी।
छात्रों की जांच के बाद चिकित्सक अतुल खौंड ने बताया, "छात्रों को जब अस्पताल लाया गया, तब उनके शरीर पर स्पष्ट निशान थे, क्योंकि उनकी पिटाई बेंत से की गई थी।"
शिक्षा विभाग ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications