66 वर्षीय महिला बनी 3 बच्चों की मां
भतेरी देवी ने 29 मई को नेशनल फर्टिलिटी सेंटर में इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) तकनीक के जरिए तीन बच्चों को जन्म दिया, जिनमें दो लड़के और एक बच्ची है। सेंटर के अधिकारियों ने रविवार को बताया कि संभवत: एक साथ तीन बच्चों को जन्म देने वाली यह विश्व की सबसे अधिक उम्र की महिला है।
इस प्रक्रिया की देखरेख कर रहे अनुराग बिश्नोई ने पत्रकारों को बताया, "रोहतक जिले के एक सरकारी अस्पताल द्वारा जारी जन्म प्रमाणपत्र के अनुसार भतेरी देवी का जन्म रोहतक के मदीना गांव में 21 मई, 1944 को हुआ था। जन्म का यह सबूत प्रामाणिक है, इसलिए कहा जा सकता है कि एक साथ तीन बच्चों को जन्म देने वाली यह विश्व की सबसे अधिक उम्र की महिला है।"
चिकित्सकों के मुताबिक तीनों बच्चों में से एक का वजन 1.2 किलोग्राम, दूसरे का 1.1 और तीसरे का 800 ग्राम है। इन बच्चों का वजन काफी कम है और उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में रखा गया है।
भतेरी देवी चण्डीगढ़ से तीन सौ किलोमीटर दूर रोहतक जिले के सररोद गांव की रहने वाली है। उसका पति 64 वर्षीय देवा सिंह भी इस उम्र में पिता बनकर बेहद खुश है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications