निर्वासित तिब्बती चुनेंगे प्रधानमंत्री
धर्मशाला, 13 जून (आईएएनएस)। धर्मशाला में स्थित तिब्बत की निर्वासित सरकार के नए प्रधानमंत्री और संसद के लिए चुनाव अगले साल मार्च में होंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी जामफेल चेसांग ने आईएएनएस से कहा, "उम्मीदवारों को मनोनीत करने के लिए प्राथमिक चुनाव 3 अक्टूबर को होंगे जबकि आम चुनाव 20 मार्च 2011 को आयोजित किए जाएंगे।"
चेसांग के अनुसार दुनियाभर में 18 या उससे अधिक उम्र के एक लाख 20 हजार निर्वासित तिब्बती हैं जो कि मतदान में हिस्सा ले सकेंगे। वर्ष 2006 में हुए चुनाव 72,000 पंजीकृत मतदाताओं में से 32,205 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
वर्ष 2001 में सामदोंग रिनपोचे पहली बार सीधे चुनाव के जरिये प्रधानमंत्री बने थे। दलाई लामा ने निर्वासित राजनीतिक नेताओं के सीधे चुनाव की बात कही थी।
दलाई लामा वर्ष 1959 में तिब्बत छोड़ने के बाद से धर्मशाला में ही हैं। उनकी निर्वासित सरकार किसी भी देश द्वारा मान्य नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications