हाथ मिलाना गठबंधन में गांठ नहीं : आडवाणी
पटना, 13 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने बिहार स्वाभिमान रैली को संबोधित करते हुए शुक्रवार को पैदा हुए नीतीश-मोदी विज्ञापन विवाद का पटाक्षेप करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा, "आज मैंने समाचार पत्रों में प्रकाशित एक समाचार देखा जिसमें लिखा गया है कि गठबंधन में गांठ पड़ी, वह भी इस बात को लेकर कि नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार को एक विज्ञापन में हाथ मिलाते हुए दिखाया गया था।
उन्होंने कहा, "मुझे समझ नहीं आता कि हाथ मिलाना गठबंधन में गांठ कैसे हो सकता है यह तो स्नेह है", उन्होंने कहा गठबंधन में छोटी-मोटी बातों को लेकर थोड़ा मन-मुटाव हो जाता है, लेकिन यह कोई मुद्दा नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा वर्ष 1995 में मुंबई में हुए पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन की चर्चा की जहां अनायास ही मंबई पहुंचे नीतीश कुमार से उनकी पहली मुलाकात हुई थी। उन्होंने कहा, "मैंने तब नीतीश कुमार को अधिवेशन में आने के लिए कहा था और वे वहां पहुंचे थे।"
आडवाणी ने कहा कि मुझे अच्छा लगता यदि नीतीश जी आज की रैली में आते। उन्होंने कहा कि बिहार में लालूराज का खात्मा कर कुशासन को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने ही सुशासन में बदला है और इस काम में भाजपा के सहयोगी दलों ने पूरा सहयोग दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications