मनोरंजन से हवाई सेवाओं तक कलानिधि मारन की उड़ान

नई दिल्ली, 13 जून (आईएएनएस)। देश के 40 सबसे अमीर लोगों में शुमार कलानिधि मारन ने शनिवार को 20 करोड़ डॉलर की लागत से विमानन कंपनी स्पाइसजेट के अधिग्रहण के साथ कम उम्र में ही बेशुमार व्यावसायिक सफलता का सिलसिला जारी रखा है।

राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले परिवार में पले-बढ़े कलानिधि मारन के पिता मुरासोली केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री रह चुके हैं, मारन के परिवार के ही एम. करुणानिधि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री हैं और उनके छोटे भाई दयानिधि मारन केंद्रीय कपड़ा मंत्री हैं। कलानिधि ने इस राजनीतिक पृष्ठभूमि के बावजूद व्यापार को चुना।

उन्हें पीढ़ियों से चली आ रही राजनीति में कोई रुचि नहीं थी। फोर्ब्स पत्रिका को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा, "मेरे परिवार में राजनीति पर नाश्ते, दोपहर के खाने और रात के खाने हर समय विचार-विमर्श होता है। मेरी इसमें कोई दिलचस्पी नहीं रही।"

व्यापार करने की इच्छा के बीज उनमें बहुत पहले ही पनपने लगे थे। वर्ष 1980 में पेनसिल्वेनिया में उन्होंने व्यापार प्रबंधन में स्नात्कोत्तर उपाधि हासिल करने के समय अमेरिका में हर विषय पर बड़ी संख्या में टीवी चैनलों को देखा, तब 25 साल की उम्र में उन्होंने भारत में अपने टीवी चैनल शुरू करने की योजना बनाई।

वर्ष 1987 में भारत लौटने के बाद उन्होंने परिवार की ही एक महिला पत्रिका का काम संभालना शुरू किया लेकिन उनका मन टेलीविजन पर ही लगा रहा। उस समय इस क्षेत्र पर सरकारी क्षेत्र के चैनलों का ही अधिकार था। सुभाष चंद्रा के जी के अलावा कुछ ही निजी कारोबारी इस क्षेत्र में उतरे थे।

वर्ष 1991 में उन्होंने मातृभाषा तमिल में एक वीडियो पत्रिका की शुरुआत की लेकिन पायरेसी के चलते निराश होना पड़ा, इसके बाद उन्होंने सन टीवी की शुरुआत करने का निर्णय लिया और रूस के उपग्रह से इसका प्रसारण शुरू कर दिया।

वर्ष 1998 में जब उपग्रह प्रसारण उद्योग का उदारीकरण हुआ तो सबसे पहले लाइसेंस प्राप्त करने वालों में सन टीवी भी शामिल था। वहीं दूसरी ओर उनके परिवार के राजनीतिक लोग केंद्र की गठवंधन सरकार में भागीदार हो गए।

आज सन टीवी नेटवर्क के 20 चैनल प्रसारित हो रहे है जो 9.5 करोड़ घरों में पहुंच रहे हैं। यह नेटवर्क 27 अन्य देशों में भी प्रसारण कर रहा है जिनमें अमेरिका, कनाडा, यूरोप, सिंगापुर, मलेशिया, श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड शामिल हैं।

इसके अलावा 45 एफ एम रेडियों केंद्रों और 12 लाख पाठक संख्या वाले दो दैनिक समाचार पत्रों, चार पत्रिकाओं और 55 लाख उपभोक्ताओं वाले डीटीएच नेटवर्क के जरिए यह एक संपूर्ण मनोरंजन समूह बन चुका है।

इसके चलते कोई आश्चर्य नहीं की फोर्ब्स पत्रिका ने कलानिधि को 2.3 अरब डॉलर के साम्राज्य वाले देश के 20 वें और विश्व के 349वें सबसे अमीर व्यक्ति का दर्जा दिया है।

अब मारन ने विमानन कंपनी स्पाइसजेट पर अपनी नजर बनाई, एसएमसी कैपिटल के इक्विटी प्रमुख जगन्नाथम थुनुगुंथला ने कहा, "स्पाइस जेट देश की कुछ ही मुनाफा कमाने वाली विमानन कंपनियों में से एक है।"

भारत के अलावा विश्व में भी परेशानियां झेल रहा विमानन उद्योग मारन के साम्राज्य पर क्या असर डालेगा यह देखना होगा, यदि यह अधिग्रहण मारन के लिए लाभदायक साबित हुआ तो वे आश्चर्यजनक सफलताओं का पर्याय बनेंगे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+