अंडमान में भूकंप के कई झटके (लीड-2)
अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के झटकों को लेकर लोगों में मामूली दहशत थी, लेकिन कहीं भी जानमाल को कोई नुकसान नहीं हुआ है। द्वीप समूह में आम जनजीवन पटरी पर लौट आया है।
भूकंप का पहला झटका शनिवार मध्य रात में महसूस किया गया और यह 56 सेकेंड तक बना रहा। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.7 मापी गई। इसके बाद रविवार तड़के 4.14 बजे 5.3 तीव्रता वाले झटके महसूस किए गए।
इन दोनों झटकों के बाद भी इस द्वीप समूह के लोगों को राहत नहीं मिली। यहां के लोगों ने सुबह 11 बजे और 11.56 बजे 5.1 तीव्रता वाले झटके महसूस किये।
अधिकारियों के मुताबिक भूकंप के झटके तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और उड़ीसा के तटीय इलाकों में भी महसूस किए गए।
पोर्ट ब्लेयर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष एस. जयकुमारन नायर ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "हमने भूकंप के झटके महसूस किए, लेकिन यहां आम जनजीवन सामान्य है। पेार्ट ब्लेयर में संपत्ति के नुकसान की खबर नहीं है।"
चेन्नई के पड़ोसी इलाकों जैसे कि कोयाम्बडु, तिरुवनमियुर, संथोम और रोयापेट्टा में लोग भयभीत होकर घरों से बाहर निकल आए।
अंडमान निकोबार द्वीप समूह पर एक जून को आए भूकंप के बाद यह दूसरी बार हुआ है।
हैदराबाद स्थित भारतीय राष्ट्रीय समुद्री सूचना सेवा केंद्र (आईएनसीओआईएस) ने इस भूकंप के तत्काल बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी थी जिसे बाद में वापस ले लिया गया। झटके स्थानीय समयानुसार शनिवार देर रात 12.56 बजे महसूस किए गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications