राष्ट्रपति ने जलगांव हवाईअड्डे की नींव रखी
जलगांव, 13 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने रविवार को जलगांव में प्रस्तावित हवाईअड्डे की नींव रखी।
राष्ट्रपति ने कहा, "मैं जलगांव में हवाईअड्डे की जरुरत पहचानने के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और उड्डयन मंत्रालय को बधाई देती हूं, जलगांव उत्तरी महाराष्ट्र का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है इसलिए यहां हवाईअड्डे निर्माण का कदम सराहनीय है।"
मुंबई से 600 किलोमीटर दूर स्थित जलगांव पाटील का गृह जिला है।
पाटील ने कहा कि जलगांव में हवाईअड्डा निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने पर पूरे क्षेत्र में विकास गतिविधियों में तेजी आएगी। उन्होंने कहा, "यह कहना गलत नहीं होगा कि हवाईअड्डे के निर्माण से क्षेत्र में कृषि, औद्योगिकीकरण, पर्यटन और दूसरे क्षेत्रों का भी विकास होगा।"
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में कुशल और सक्षम मानव बल मौजूद है, उड्डयन की आधुनिक सेवाओं के विकास से इस क्षेत्र को और लाभ होगा।
पाटील ने कहा, "विमान सेवाएं शुरू होने पर इस क्षेत्र में निवेश में वृद्धि होगी इससे मौजूदा उद्योगों का विस्तार हो सकेगा।"
इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, केंद्रीय उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल, उपमुख्य मंत्री छगन भुजबल और हवाईअडड प्राधिकरण के अध्यक्ष बी.पी. अग्रवाल भी मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications