स्वाभिमान से समझौता नहीं होगा: भाजपा
पटना, 13 जून (आईएएनएस)। नीतीश-मोदी विज्ञापन विवाद पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि वह एक परिपक्व पार्टी है लेकिन जब स्वाभिमान की बात आएगी तो वह इससे समझौता नहीं करेगी। इससे पहले बिहार भाजपा के एक वरिष्ठ नेता और राज्य सरकार में मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाजपा की मजबूरी नहीं हैं।
भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी से रविवार को संवाददाताओं से सवाल के जवाब में कहा, "भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में राष्ट्रीय मुददों पर चर्चा होती है। हम एक परिपक्व पार्टी हैं। हम अपनी सहनशीलता दिखा रहे हैं लेकिन जब स्वाभिमान की बात आएगी तो पार्टी इससे समझौता नहीं करेगी।"
इससे पहले गिरिराज सिंह ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, " जनता दल (युनाइटेड) हमारे गठबंधन में पहले छोटे भाई की भूमिका में था। उस समय भी हमने नीतीश को अपना नेता माना। आज वह विकास के मॉडल हैं लेकिन नरेंद्र मोदी भी विकास के एक माडल हैं। मुझे समझ में नहीं आता नीतीश पिछले डेढ़ दशक से हमारे साथ हैं लेकिन अब वह उनसे परहेज क्यों कर रहे हैं।"
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "न सत्ता हमारी मजबूरी है और न ही नीतीश। हमारी मजबूरी प्रदेश की नौ करोड़ जनता है, जिन्हें हमने लालू प्रसाद के 'लालटेन युग' से बाहर निकाला है।"
इन बयानबाजियों के बीच जद (यु) अध्यक्ष शरद यादव ने मामले को सुलझाने की कोशिश आरंभ कर दी हैं। दिल्ली में पत्रकारों से चर्चा में यादव ने कहा, "हमारा गठबंधन बहुत पुराना है। जो विवाद था वह कल की बात है। आज वह परिस्थिति नहीं है। हम चाहते हैं कि हमारे बीच अच्छा रिश्ता रहे। आगे कटुता नहीं बढ़नी चाहिए। कौन क्या कह रहा है उस पर टिप्पणी करने से विवाद तूल पकड़ेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications