हिरासत में मौत, 8 पुलिसकर्मी निलंबित
जिले के पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र दुबे ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि घटना के दौरान ड्यूटी पर रहने वाले पूरे बेला थाने के स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसमें थाना प्रभारी, दो उप-निरीक्षक और पांच सिपाही शामिल हैं।
दुबे ने कहा कि पीड़ित के पिता की तहरीर पर सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या और प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की तफ्तीश की जा रही। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्यवाई होगी। घटना के बाद इलाके में व्याप्त तनाव के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
गौरतलब है कि चोरी के आरोप में चार दिन पहले बेला थाने की पुलिस द्वारा पकड़कर लाए गए राम लड़ेते नाम के युवक की शनिवार को हिरासत में मौत हो गई थी, जिस पर भड़के स्थानीय लोगों ने थाने पर पथराव कर उसे आग के हवाले कर दिया था।
पुलिस का कहना था कि लड़ेते ने हिरासत में फांसी लगाकर आत्महत्या की, वहीं स्थानीय लोगों का आरोप था कि लड़ेते की मौत पुलिस की पिटाई से हुई है और बाद में आत्महत्या दिखाने के लिए पुलिस ने उसे फांसी से लटका दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications