उत्तर भारत में फिलहाल गर्मी से राहत नहीं (लीड-1)
देश में सबसे गर्म स्थान ब्रह्मपुरी (महाराष्ट्र) रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में अधिकतम तापमान में वृद्धि के संकेतों के बीच रविवार को दिल्लीवासियों को तपिश और गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। लेकिन मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में बारिश होने की भी उम्मीद जताई है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "राजधानी का न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस नीचे है। दिन में मौसम के तापमान में वृद्धि की संभावना व्यक्त की गई है।"
अधिकारी के मुताबिक रविवार को आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में मॉनसून 29 जून तक पहुंचने के आसार हैं, लेकिन अगले कुछ दिनों में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से कुछ बारिश हो सकती है।
अधिकारी ने बताया कि अगले कुछ दिनों में आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इसकी वजह से सोमवार और मंगलवार को कुछ बारिश हो सकती है।
अधिकारी ने बताया, "पश्चिमी विक्षोभ का दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश पर व्यापक असर रहेगा।"
इधर, उत्तर प्रदेश में बढ़ते तापमान के बीच भीषण गर्मी और लू ने लोगों को बेहाल कर रखा है। राज्य में रविवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान झ्झांसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 45.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक था। इसके अलावा इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री, कानपुर का 42.8 डिग्री और राजधानी लखनऊ का 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम यथावत रहने के आसार व्यक्त किए हैं। मौसम विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के मुताबिक केरल, लक्ष्यद्वीप, कर्नाटक के तटीय इलाके, कोंकण और गोवा में बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटों दौरान आंध्र प्रदेश में गरज के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने और गरज के साथ बूंदाबांदी की उम्मीद है।
महाराष्ट्र, अंडमान निकोबार एवं द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल के हिमालयी इलाके और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बारिश के संकेत हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य और पश्चिमोत्तर भारत में अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications