फुटबाल प्रशंसकों के सामने भारतीय वेटर की हत्या
कुआलालंपुर, 13 जून (आईएएनएस)। मलेशिया में भारतीय मूल के एक वेटर की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई जब एक रेस्त्रां में लोग फीफा विश्व कप-2010 के उद्घाटन मैच का लुत्फ उठा रहे थे।
यह घटना पेटालिंग जाया के कोटा दामनसारा शहर की है। यहां शुक्रवार रात दातारन में स्थति एक रेस्त्रां के सामने भारतीय नागरिक को गाली मारी गई। उसकी उम्र 30 वर्ष थी और उसकी पूरी पहचान अभी नहीं हो पाई है। उसका नाम दास बताया गया है।
पेटालिंग जाया के पुलिस उपाधीक्षक अब्दुल रज्जाक इलियास ने कहा कि भारतीय नागरिक अपने घर जा रहा था कि हेलमेट पहने एक शख्स ने उस पर गोली चलाई।
स्थानीय समाचार पत्र 'न्यू स्ट्रेट्स टाइम्स' के अनुसार अधिकारी ने कहा कि भारतीय वेटर के पेट में गोली लगी थी। हमलावर ने गोली मारने के बाद सड़क पार की और फिर कार में सवार होकर चला गया।
गोली लगने के बाद इस वेटर को सुंगाई बुलोह अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसने शनिवार दोपहर 1.30 बजे दम तोड़ दिया। रेस्त्रां के मालिक ने कहा कि भारतीय नगारिक बीते चार महीनों से उसके यहां काम नहीं कर रहा था।
गौरतलब है कि इस वारदात के समय लगभग 50 लोग वहां फुटबाल का उद्धाटन मैच देख रहे थे। पुलिस का कहना है कि हत्या बदला लेने की मकसद से की गई लगती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications