तेल रिसाव रोकने के लिए 48 घंटे की मोहलत
वाशिंगटन, 13 जून (आईएएनएस)। अमेरिका ने शनिवार को ब्रिटिश पेट्रोलियम (बीपी) पर दबाव बढ़ाते हुए मेक्सिको की खाड़ी में हो रहे तेल रिसाव को रोकने हेतु संसाधन बढ़ाने के लिए 48 घंटे का समय दिया है। सरकारी वैज्ञानिकों का कहना है कि तेल रिसाव की मात्रा पूर्वानुमान से दोगुनी हो सकती है।
अमेरिकी वैज्ञानिकों ने गहरे समुद्र में 22 अप्रैल को तेल कुआं क्षतिग्रस्त होने से लगातार हो रहे तेल रिसाव की मात्रा 20,000 से 40,000 बैरल प्रतिदिन के बीच होने की संभावना व्यक्त की है।
इससे पहले सरकार ने 12,000 से 25,000 बैरल प्रतिदिन तेल रिसाव का अनुमान लगाया था जिसके चलते यह देश के इतिहास का सबसे बड़ा तेल रिसाव माना गया।
अमेरिकी तटरक्षक दल के रियर एडमिरल जेम्स वॉटसन ने बीपी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (खनन एवं उत्पादन) डग सटल्स को लिखे पत्र में कहा है कि बीपी "नए अनुमान के अनुरूप तेल रिसाव को रोकने के लिए जरूरी संसाधन नहीं उपलब्ध करा रही है।"
तेल कुंए से तेल रिसाव रोकने के लिए बीपी एक कीप का इस्तेमाल कर रही है। नया अनुमान आने के बाद माना जा रहा है कि यह कीप तेल रिसाव के केवल आधे हिस्से को ही एकत्र कर पा रही है, यह कीप समुद्र की सतह से 1.6 किलोमीटर नीचे डाली गई है।
अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा बुधवार को बीपी के अध्यक्ष कार्ल-हेनरिक स्वेनबर्ग से वाशिंगटन में मुलाकात करेंगे। तेल रिसाव के बाद से अब तक बीपी के अधिकारियों से सीधी बात नहीं करने के कारण ओबामा की काफी आलोचना हो रही थी।
ब्रिटिश सरकार ने अपने एक बयान में बताया कि शनिवार को ओबामा ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड केमरन से कहा कि बीपी के प्रति उनकी आलोचना में "राष्ट्र की पहचान जैसा कुछ नहीं है, और हमारा इरादा बीपी के मूल्य को कम करने का नहीं है।"
बीपी के शेयर मूल्यों में भारी गिरावट के कारण ब्रिटेन के हजारों परिवारों द्वारा इसमें सेवानिवृत्ति योजना के लिए किया गया निवेश बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ब्रिटेन के राजनेता ओबामा को बीपी विरोधी मानकर उनसे असहज महसूस कर रहे हैं।
दोनों देशों के प्रमुखों के बीच 30 मिनट तक चली बातचीत के बाद व्हाइट हाउस से जारी बयान में कहा गया कि ओबामा ने दोनों देशों के विशिष्ट और ऐतिहासिक संबंधों के प्रति अपनी दृढ़ता प्रकट की है।
केमरन ने तेल रिसाव के कारण हुई मानवीय और पर्यावर्णीय क्षति के लिए दुख व्यक्त किया है लेकिन बीपी को भी न सिर्फ ब्रिटिश बल्कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications