पुलिस द्वारा महिला को निर्वस्त्र करने की जांच करेगा महिला आयोग
नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के एक पुलिस चौकी में पिछले महीने एक महिला पर उसके नाबालिग बेटे के सामने कथित रूप से निर्वस्त्र होने के लिए दबाव डालने के मामले में जांच करने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग ने शुक्रवार को एक समिति का गठन किया। इस वारदात से प्रभावित 30 साल की महिला ने शुक्रवार को आयोग से इस मामले में कार्रवाई करने के बाबत संपर्क किया।
महिला आयोग की अध्यक्ष गिरिजा व्यास ने कहा, "मैं पुलिस के इस तरह के अत्याचार के बारे में सुनकर भौंचक्की रह गई। हमने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। वे इस घटना और अधिकरियों द्वारा की गई कार्रवाई की छानबीन करेंगे।" व्यास ने कहा, "जांच समिति की प्रमुख महिला आयोग की सदस्य वनसुक सियम होगी जो पीड़ित महिला, उसके रिश्तेदारों, संबंधित अधिकारियों से मिलकर तथ्यों और परिस्थितियों का मुआयना करेंगी।" उहोंने कहा कि समिति ऐसे कदम उठाने की सिफारिश करेगी जिससे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में गुरुवार को एक महिला हेड कांस्टेबल सहित तीन कांस्टेबल निलंबित कर दिए गए थे और उप सहायक निरीक्षक का तबादला कर दिया गया था। मायापुरी की झुग्गी बस्ती इलाके की रहने वाली महिला 22 मई को कार से रुपये चुराने के आरोप में हिरासत में लिए गए अपने 12 वर्षीय बेटे को छुड़ाने के लिए पुलिस चौकी गई थी। महिला ने आरोप लगाया था कि उस दौरान उसे अपने बेटे के सामने निर्वस्त्र होने के लिए दबाव डाला गया था।












Click it and Unblock the Notifications