सीबीआई अधिकारियों ने किया रेल दुर्घटना स्थल का दौरा
इस मामले में दो लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। खगेन महतो और समीर महतो को राज्य की अपराध जांच शाखा (सीआईडी) ने गिरफ्तार किया था। दोनों को झारग्राम शहर की निचली अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 17 जून तक के लिए रिमांड पर सीबीआई के हवाले कर दिया गया।
रक्षा मामलों के वकील कौशिक सिन्हा ने बताया, "सीआईडी अधिकारियों ने झारग्राम की अदालत में दोनों आरोपियों को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। उन्होंने दोनों को रिमांड पर सीबीआई को सौंप दिया।"
सीबीआई अधिकारियों के दो समूह पहले अदालत पहुंचे, फिर सरडीहा व खेमाशुली स्टेशनों के बीच उस स्थल का दौरा किया, जहां 28 मई को रेलगाड़ी पटरी से उतरी थी और उसके डिब्बों में एक मालगाड़ी ने टक्कर मार दी थी, जिस कारण 148 लोगों की मौत हो गई थी।
प्रभात हलदर के नेतृत्व वाली सीबीआई की एक टीम झारग्राम की अदालत गई, जबकि सीबीआई की विशेष अपराध शाखा (कोलकाता) के अधीक्षक ए. बोथरा के नेतृत्व वाली दूसरी टीम ने पश्चिमी मिदनापुर के जिला मजिस्ट्रेट एन.एस. नगम, पुलिस अधीक्षक मनोज वर्मा व दक्षिण-पूर्व रलवे के खड़गपुर मंडल के रेल प्रबंधक अनिल हांडा से मुलाकात की।
मुलाकातों के बाद सीबीआई के अधिकारी जिला के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सड़क मार्ग से दुर्घटना स्थल पर गए और मुआयना के बाद दो डिब्बों वाली विशेष रेलगाड़ी से मिदनापुर लौटे।
बोथरा ने बताया, "हम दुर्घटना स्थल पर गए और मुआयना किया और जिले के प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात की।"
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि सीबीआई टीम ने दुर्घटना स्थल के दौरे के बाद मिदनापुर में प्रशासनिक अधिकारियों व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से इस मसले पर कई दौर की बैठक की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications