जनगणना में प्रवासी भारतीयों के नाम दर्ज हों : चांडी
तिरुवनंतपुरम, 12 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस की केरल इकाई ने शनिवार को केंद्र सरकार से आग्रह किया कि प्रवासी भारतीयों (एनआरआई) के नाम देश में चल रही जनगणना के दौरान राष्ट्रीय जनसंख्या पंजी में दर्ज किए जाएं।
विपक्ष के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री ओम्मेन चांडी ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान भारतीय पासपोर्ट रखने वाले प्रवासियों को मताधिकार देने पर सहमति के लिए केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया और आग्रह किया कि प्रवासियों को विशिष्ट पहचान पत्र (यूसीआई) कार्यक्रम में शामिल किया जाए।
चांडी ने कहा, "2005 में जब मैं मुख्यमंत्री था, तब मैंने केंद्र को प्रवासियों को मताधिकार देने संबंधी प्रस्ताव भेजा था। अब उसे स्वीकार कर लिया गया है, सभी प्रवासियों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे और चुनाव के दौरान भारत में रहने पर वे वोट डाल सकेंगे।"
नई दिल्ली स्थित उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार मंत्रियों के समूह ने बीते गुरुवार को प्रवासियों को मताधिकार देने संबंधी प्रस्ताव पर विधेयक लाने की स्वीकृति दी थी।
सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि विधेयक को मध्य जुलाई में शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र में सदन पटल पर रखा जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications