बाप लगा रहा है बेटे की मुठभेड़ की गुहार!
जिले के मझनपुर कस्बे में रहने वाले पेशे से लेखपाल रफीक अहमद ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजकर अपने बेटे फैजी अहमद (25) की मुठभेड़ करने का आग्रह किया है।
जिलाधिकारी लोकेश सिंह ने पत्र मिलने के बाद मामले की जांच उप-जिलाधिकारी मझनपुर जी.एस.त्यागी को सौंपी दी है। रफीक ने यह प्रार्थना पत्र डाक के जरिए भेजा था।
जिलाधिकारी को भेजे प्रार्थना पत्र में रफीक ने लिखा कि उनका सबसे छोटा बेटा फैजी आपराधिक गतिविधियाों में लिप्त है। वह अवैध हथियारों की तस्करी करता है और उसके संबंध आतंकवादी संगठनों से हो सकते हैं। ऐसे में उसका जिंदा रहना परिवार, समाज और देश के लिए खतरा हो सकता है, इसलिए उसकी मुठभेड़ कर दी जाए।
रफीक ने संवाददाताओं से कहा कि उनके तीन बेटों में सबसे छोटे बेटे फैजी ने वर्षो से पूरे परिवार को परेशान कर रखा है। उसकी करतूतों और आपराधिक कृत्यों के चलते दोनों बेटियों की शादी होने में दिक्कतें आ रही हैं।
उन्होंने जोर दिया कि अगर उसकी मुठभेड़ न हो तो उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) या गैंग्स्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए।
उप-जिलाधिकारी जी.एस.त्यागी ने आईएएनएस से कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि हम पुलिस रिकार्ड में फैजी के खिलाफ आपराधिक मुकदमें की पड़ताल कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications