नीतीश ने रात्रिभोज स्थगित किया
नीतीश कुमार ने विज्ञापन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री हैं, उनका बिहार में क्या काम है। इस बीच पटना की सड़कों पर वरुण गांधी और नरेंद्र मोदी के विरोध में प्रदर्शन किया गया और उन्हें काले झंडे दिखाए गए।
मोदी पर की गई नीतीश की टिप्पणी ने भाजपा की चिंता बढ़ा दी है। इस बीच भाजपा नेता सी.पी.ठाकुर ने कहा कि रात्रि भोज का आयोजन नीतीश ने नहीं बल्कि भाजपा ने किया है।
भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन से जब इस मुद्दे पर पूछा गया तो इससे जुड़े हर सवाल को उन्होंने यह कहकर टाल दिया कि भाजपा ने पहले ही तय किया था कि जहां दिन के भोजन था वहीं रात्रि का भोजन किया जाएगा। इस संबंध में होटल प्रबंधन से भी कह दिया गया था।
पटना से प्रकाशित होने वाले लगभग सभी अखबारों में एक पूरे पृष्ठ का विज्ञापन छपा है, जिसमें लिखा है कि गुजरात और बिहार का बहुत पुराना संबंध रहा है। इस विज्ञापन में मोदी और नीतीश को साथ दिखाया गया है। विज्ञापन में कहा गया है, "संकट की घड़ी में गुजरात हमेशा बिहार के साथ खड़ा रहा है। कोसी नदी में 2008 में आई बाढ़ के दौरान भी गुजरात ने बिहार को सर्वाधिक मदद दी।"
इस पर नीतीश ने कहा कि विज्ञापन में मोदी के साथ उनकी तस्वीर बिना उनसे पूछे छापी गई और ऐसे में इसके खिलाफ वह कानूनी कदम उठाएंगे। बिहार में बाढ़ पीड़ितों के लिए गुजरात की ओर से दी गई सहायता राशि की बात पर उन्होंने कहा, "मैं पता करूंगा कि गुजरात की ओर से दिए गए पैसे का इस्तेमाल किया गया या नहीं। अगर इन पैसों का इस्तेमाल नहीं हुआ होगा तो उसे वह वापस कर देंगे।"
नीतीश ने कहा कि मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री हैं और ऐसे में उनका बिहार में क्या काम है। बिहार की जनता चीजों को अच्छी तरह समझती है और उन्हें भी जनता पर पूरा विश्वास है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications