सुल्तानपुर लोधी पवित्र शहर घोषित
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने यह फैसला शुक्रवार को हुई सुल्तानपुर लोधी विकास बोर्ड की बैठक के दौरान ली।
सरकार के प्रवक्ता ने शनिवार को बताया, "बादल ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सुल्तानपुर लोधी को पवित्र शहर घोषित करने की औपचारिकाताएं जल्द पूरी करें। उन्होंने पंजाब पावर कॉम के अध्यक्ष को उस शहर में 24 घंटे लगातार बिजली आपूर्ति कराने की व्यवस्था करने को कहा है।"
सुल्तानपुर लोधी भारत के प्राचीन शहरों में से एक है और उसका सिखों के धार्मिक इतिहास में काफी महत्व है। शहर में कम से कम सात ऐतिहासिक गुरुद्वारे हैं और धर्म प्रवर्तक गुरु नानक देव ने अपने जीवन के कई वर्ष वहां गुजारे थे।
पुरातात्विक सर्वेक्षण और खुदाई में बौद्धकालीन कई स्मारक, मूर्तियां एवं सिक्के सुल्तानपुर लोधी शहर में पाए गए थे। मना जा रहा है कि इस शहर की स्थापना ईसा पूर्व पहली सदी में हुई थी। स्थापना के समय से लेकर अब तक इस शहर ने कई आक्रमण झेले हैं और उतार-चढ़ाव देखे हैं।
प्रवक्ता के अनुसार, "सुल्तानपुर लोधी शहर में नई सड़कें बनाई जाएंगी और मौजूदा सड़कों की मरम्मत की जाएगी। इसके अलावा दो करोड़ रुपये की लागत से सीवेज व पेयजल परियोजनाओं की शुरुआत की जाएगी।"
सुल्तानपुर लोधी शहर में अधिक संख्या में पर्यटकों के आने की संभावना देखते हुए बादल ने मौजूदा बस स्टैंड को आधुनिक स्वरूप देते हुए बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications