उप्र में 335 कछुओं के साथ तस्कर गिरफ्तार
लखनऊ, 12 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पुलिस ने शुक्रवार देर रात एक शिकारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 335 कछुए बरामद किए।
पुलिस के मुताबिक इकबाल अहमद (45) को अमेठी रेलवे स्टेशन से 335 कछुओं के साथ गिरफ्तार किया गया। अहमद का एक अन्य साथी फरार होने में सफल हो गया। सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ के सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के संयुक्त अभियान के तहत उसे दबोचा गया।
जीआरपी के निरीक्षक बृजेश सिंह ने संवाददाताओं को बताया, "इकबाल उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। उसने स्वीकार किया है कि वह जानवरों की तस्करी करने वाले एक गिरोह के लिए काम करता है। यह गिरोह विभिन्न राज्यों में जानवरों की तस्करी करता है।"
उन्होंने कहा, "इकबाल पिछले पांच साल से जानवरों की अवैध तस्करी के धंधे में शामिल था। वह मुंबई में अपने ग्राहक को इन कछुओं को सौपने जा रहा था।"
गौरतलब है कि अहमद पर विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications