सोना फिर 19 हजार के पार
मुंबई, 9 जून (आईएएनएस)। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का भाव 19 हजार रुपये के पार पहुंच गया है। गुरुवार को रुपये में मज़बूती के चलते एमसीएक्स पर सोना दिसंबर वायदा के 19,055 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर खुला।
दिन के कारोबार में दिसंबर वायदा ने 19,115 रुपये प्रति 10 ग्राम का स्तर छुआ, फिलहाल 12 बजे के करीब यह 19,050 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
पिछले सत्र में अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 1,252 डॉलर प्रति औंस के सर्वकालिक उच्च स्तर तक पहुंच गया था। ब्लूमवर्ग वेबसाइट के मुताबिक फिलहाल यह 1,238 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर करीब सात डॉलर गिरकर कारोबार कर रहा है।
इससे पहले एमसीएक्स पर अगस्त वायदा का भाव 19,198 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर को छू चुका है।
केड़िया कमोडिटीज के कार्यकारी निदेशक अजय केड़िया ने आईएएनएस से कहा, "यूरोपीय संकट के चलते सोने में बीते सत्र में तेजी आई है, फिलहाल सोने का भाव सप्ताह के अंत तक 18,600 से 19,150 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच रहने के आसार हैं।"
केड़िया ने कहा कि वैश्विक गोल्ड ईटीएफ फंड एसटीआरटी ने पिछले सत्र में 12.17 टन सोने की खरीदारी की जिससे सोने में मजबूती की धारणा बनी। केड़िया का कहना है कि अल्पकालिक में रुपये में मज़बती आने के आसार हैं जिससे सोने में कुछ नरमी रह सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications