किशोर ने साथी को गोली मारी
घटना जिले के पथरा थाना क्षेत्र के बुधापुर गांव की है, जहां कक्षा छह में पढ़ने वाले किशोर ने मंगलवार शाम अपने 12 वर्षीय साथी वीरेंद्र कुमार को मामूली कहासुनी के बाद गोली मार दी। घायल वीरेंद्र की हालत नाजुक बनी हुई है।
पथरा थाना प्रभारी राम धनी ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों किशोर गांव के बाहर मैदान में खेल रहे थे, तभी उनके बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हो गई। इस दौरान वहां मौजूद अन्य लड़कों ने दोनों के बीच बीच-बचाव कराकर मामला शांत कराया।
उन्होंने बताया कि बाद में वीरेंद्र दूसरे लड़कों के साथ खेलने लगा। इस दौरान उसका साथी वहां से चला गया और थोड़ी देर बाद एक पिस्तौल लेकर वहां पहुंचा और वीरेंद्र को गोली मारकर फरार हो गया।
गोली चलने से वहां हडकंप मच गया। घायल वीरेंद्र को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत बिगड़ने पर उसे गोरखपुर के लिए स्थानांतरित किया गया।
फरार आरोपी किशोर का पुलिस फिलहाल कोई सुराग नहीं लगा पाई है। थाना प्रभारी ने कहा कि किशोर और उसके परिवार के लोग घटना के बाद से फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications