सिपाही पर बलात्कार का आरोप
शहर के बजारखाला थाने में तैनात सिपाही अरुण कुमार यादव (25 वर्ष) पर प्रतापगढ़ की रहने वाली 24 वर्षीय युवती के साथ बलात्कार करने का आरोप लगा है।
बाजारखाला थाना प्रभारी सारंगधर द्विवेदी ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि पीड़िता ने कहा है कि रविवार को वह प्रतापगढ़ से लखनऊ एक परीक्षा देने आई थी। मंगलवार की दोपहर वह जब घर वापस जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंची तो वहां यादव उसे मिल गया और बहला-फुसलाकर रेलगाड़ी के बजाय बस से चलने को कहा। राजी हो जाने पर यादव उसे बस अड्डे न ले जाकर शहर के कपूरथला स्थित अपने दोस्त के कमरे पर गया और वहां बलात्कार कर फरार हो गया।
द्विवेदी ने कहा कि पीड़िता ने बुधवार को पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद आरोपी सिपाही के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे निलंबित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल आरोपी सिपाही का सुराग नहीं मिल पाया है। उसे पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक युवती की मेडिकल जांच कराई गई है, लेकिन अभी रिपोर्ट नहीं आई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications