झारखण्ड राज्यपाल के 2 सलाहकार नियुक्त
केंद्रीय गृह मंत्रालय के आधिकारिक बयान के अनुसार ये दो नए सलाहकार हैं विल्फ्रेड लाकड़ा और राजीव रंजन प्रसाद। लाकड़ा छत्तीसगढ़ कैडर के 1973 बैच के आईएएस और प्रसाद झारखण्ड कैडर के 1970 बैच के आईपीएस रहे हैं।
लाकड़ा ने झारखण्ड के साथ केंद्र में भी कई स्तरों पर सेवा दी है। वर्ष 2007 के दौरान वह भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ में प्रबंध निदेशक (सचिव स्तर के) थे और उसके बाद अनुसूचित जनजाति आयोग में सचिव रहे थे। वह 19 जनवरी, 2009 को लागू राष्ट्रपति शासन के दौरान राज्य में परामर्शदाता के रूप में भी सेवा दे चुके हैं।
लाकड़ा की नियुक्ति राज्य में पहली जून से राष्ट्रपति शासन लागू होने के मद्देनजर झारखण्ड के राज्यपाल को उनके प्रशासनिक उत्तरदायित्व को प्रभावी ढंग से निभाने तथा सक्षम बनाने के लिए की गई है।
राजीव रंजन प्रसाद ने विभिन्न स्तरों पर राज्य की सेवा की। वह मई, 2007 में पुलिस महानिदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। 1988 से 1994 के दौरान वह खुफिया ब्यूरो, भारत सरकार में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहे थे। वह झारखण्ड राज्य सुरक्षा आयोग के सदस्य भी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications