यूरोपीय संकट से सावधान रहे एशिया: आईएमएफ
आईएमएफ के उप कार्यकारी निदेशक नायुकी शिन्होरा ने यहां एक सम्मेलन के दौरान कहा कि, "यदि यूरोप में और खराब परिस्थितियां पैदा होती हैं तो विश्व व्यापार को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है, एशियाई देशों में विदेशी मांग का महत्वपूर्ण योगदान है।"
उन्होंने हालांकि स्पष्ट किया कि फिलहाल एशियाई देश अच्छी स्थिति में हैं और आर्थिक गिरावट के किसी झटके को झेल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि एशिया ही विश्व अर्थव्यवस्था को आगे ले जा रहा है लेकिन उन्होंने आशंका जताई कि इस क्षेत्र में विकास संभावनाओं के चलते पूंजी प्रवाह बढ़ने से कई देशों की अर्थव्यवस्थाओं में पूंजी अतिरेक की स्थिति बन सकती है।
शिन्होरा ने कहा, "एशिया हालांकि विश्व में हो रही गतिविधियों से अप्रभावित रहा है और इन समस्याओं से निपटने के लिए काफी मजबूत स्थिति में है।"
एशियाई अर्थव्यवस्थाओं में राजकोष की मजबूत स्थिति को देखते हुए यूरोप में जारी संकट के चलते उन्होंने कहा कि, "एशिया की कई अर्थव्यवस्थाएं अभी प्रोत्साहन पैकेजों को जारी रखने की स्थिति में हैं इसलिए उन्हें पैकेज वापस लेने की प्रक्रिया रोक देनी चाहिए।"
उन्होंने कहा कि एशियाई नीति निर्माता विस्तृत नजरिए को ध्यान में रखें और स्थितियों में हो रहे बदलावों के अनुरूप कार्रवाई करें।
शिन्होरा ने कहा कि हमारी उम्मीद के अनुरूप ज्यादातर क्षेत्रों में आर्थिक तेजी आई है लेकिन यूरोपीय ऋण संकट के चलते यह तेजी अभी भी अस्थिर और जोखिमपूर्ण बनी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications