'टायफून' लड़ाकू विमान का नया प्रस्ताव देगा यूरोफाइटर (लीड-1)
बर्लिन, 9 जून (आईएएनएस)। यूरोप की विमान निर्माता कंपनियों का समूह यूरोफाइटर भारतीय वायु सेना को 126 लड़ाकू विमानों की बिक्री के लिए इस महीने नया प्रस्ताव देगा। इससे पहले कंपनी ने अप्रैल 2008 में इन विमानों की बिक्री का प्रस्ताव दिया था।
समूह के अधिकारियों ने बुधवार को दिए बयान में कहा कि कंपनी ने अप्रैल महीने में अपने बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान टायफून का परीक्षण संपन्न कर लिया है।
यूरोफाइटर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एंजो केसोलिनी ने आईएएनएस से कहा, "फरवरी में शुरू हुआ इस विमान का परीक्षण पूरा हो गया है और अब हम इस महीने भारत सरकार को अपना नया प्रस्ताव देंगे।"
भारतीय वायु सेना के करीब 10 अरब डॉलर की कीमत के लडाकूविमानों की खरीद योजना का ऑर्डर प्राप्त करने के लिए दुनिया के छह विमान निर्माता समूह प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं, यूरोफाइटर भी इनमें से एक है।
बर्लिन में आयोजित 100 वे अंतर्राष्ट्रीय एयर शो के दौरान केसोलिनी ने कहा, "इससे पहले हमने भारत सरकार को अप्रैल 2008 में इन विमानों की खरीद का प्रस्ताव दिया था जिसकी अवधि अब समाप्त हो गई है, हमारा नया प्रस्ताव ज्यादा आकर्षक होगा।"
केसोलिनी ने कहा, "टाइफून विमानों को फरवरी में आयोजित हुए परीक्षण सत्र के दौरान भारतीय वायुसेना के पायलटों ने उड़ाया था इस दौरान भारतीय परिस्थितियों में इन विमानों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।"
आईएएफ ने दो पायलटों और इंजीनियरों को इस परीक्षण के लिए जर्मनी में प्रशिक्षण दिलाया था। पंद्रह दिनों तक चले इस परीक्षण में दो इंजन वाले टायफून विमानों को राजस्थान के जैसलमेर और जम्मू के लेह में उड़ाया गया था।
वायु सेना की योजना 18 विमानों को तैयार रूप में खरीदने की है जबकि बाकी 118 विमानों का निर्माण भारतीय कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) में प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और उत्पादन का लाइसेंस हासिल करके किया जाएगा। इन विमानों को रूस से खरीदे गए भारतीय वायु सेना के पुराने मिग 21 विमानों के स्थान पर शामिल किया जाएगा।
यूरोफाइटर द्वारा निर्मित करीब 220 टायफून विमान अभी जर्मनी, इटली, स्पेन, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और साऊ दी अरब की सेनाओं में शामिल हैं।
यरोफाइटर समूह में इटली की एलीना एयरोनॉटिका, ब्रिटेन की बीएई सिस्टम्स, स्पेन की ईएडीएस कासा और जर्मनी की ईएडीएस डचलैंड कंपनियां शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications