भारतीय बीपीओ कारोबार में 15 प्रतिशत वृद्धि की संभावना: नैस्कॉम
नेशनल एसोसिएशन ऑफ सॉफ्टवेयर एण्ड सर्विस कंपनीज् (नैस्कॉम) के अध्यक्ष सोम मित्तल ने बुधवार को पत्रकारों से कहा, "हमें इस क्षेत्र में पिछले साल के मुकाबले 15 से 16 फीसदी विकास की उम्मीद है।" वर्ष 2009-10 में इस क्षेत्र में 12.4 अरब डॉलर का कारोबार हुआ था।
मित्तल ने कहा कि यूरोपीय ऋण संकट के कारण यह कारोबार प्रभावित नहीं होगा। उन्होंने कहा, "हम नहीं जानते कि यूरोप का संकट कब खत्म होगा फिलहाल हम इस पर नजर रखकर इंतजार कर रहे हैं।"
नैस्कॉम बीपीओ सम्मेलन के दौरान उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में बीपीओ इंडस्ट्री ने कई चुनौतियां झेलने के बावजूद तेजी से विकास किया है। उन्होंने कहा, "बीपीओ कारोबार अभी भी कौशल और आधारभूत संरचना से संबंधित कई तरह की चुनौतियां झेल रहा है।"
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं की आउटसोर्सिग, ज्ञान आधारित सेवाएं, शोध एवं विश्लेषण सेवाएं, कानूनी सेवाओं की आउटसोर्सिग, वित्तीय शोध एवं आंकड़े प्रबंधन जैसी नई सेवाओं से बीपीओ कारोबार को काफी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा, "लंबी अवधि में बीपीओ कारोबार का भविष्य उज्जवल है, यह चार गुना बढ़कर 895 अरब डॉलर से 980 अरब डॉलर तक बढ़ सकता है। इस क्षेत्र में संभावनाएं समूचे प्रौद्योगिकी बाजार से 50 प्रतिशत ज्यादा हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications