नागरिक परमाणु दायित्व विधेयक वापस ले सरकार : भाजपा
नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नागरिक परमाणु दायित्व विधेयक को 'अमेरिकियों को खुश' करने वाला करार देते हुए कहा है कि भोपाल गैस त्रासदी में 25 साल बाद आए फैसले को देखते हुए सरकार को इस विधेयक को वापस ले लेना चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा, "सरकार को परमाणु दायित्व विधेयक को वापस ले लेना चाहिए। इस विधेयक का उद्देश्य अमेरिकियों को खुश करना है। यह विधेयक देश की जनता के लिए नहीं है।"
भाजपा वैसे तो इस विधेयक में संशोधन की मांग करती रही है लेकिन भोपाल गैस त्रासदी मामले में आए फैसले को देखते हुए पार्टी ने पहली बार इसे वापस लेने की मांग की है।
गैस त्रासदी मामले में सोमवार को आए फैसले के बाद भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा था कि सरकार को इस घटना से सबक सीखना चाहिए और उसे नागरिक परमाणु दायित्व विधेयक पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
विपक्ष के विरोध के बाद इस विधेयक को संसद की स्थाई समिति के हवाले कर दिया गया था। इस विधेयक में परमाणु दुर्घटना की स्थिति में संयंत्र की संचालक कंपनी से अधिकतम 500 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति लेने की बात कही गई है।
यह विधेयक संचालक को विशेष रूप से उत्तरदायी मानता है लेकिन इसमें आपूर्तिकर्ता की जिम्मेदारियों के बारे में कोई चर्चा नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications