घुसपैठ, मुंबई हमले पर प्रगति दिखाए पाकिस्तान : अमेरिका
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 9 जून (आईएएनएस)। कश्मीर मसले पर अपनी नीति में कोई बदलाव न होने का संकेत देते हुए अमेरिका ने पाकिस्तान से कहा है कि वह पहले भारत में हो रही सीमा पार घुसपैठ को रोकने और मुंबई हमले के अभियुक्तों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की दिशा में प्रगति दिखाए।
वाशिंगटन में 'सेंटर फॉर स्ट्रैटजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज' (सीएसआईएस) के दक्षिण एशिया मामलों की निदेशक टेरेसिटा स्कॉफर से ऑनलाइन बातचीत में मंगलवार को अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री रॉबर्ट ब्लैक ने स्पष्ट किया कि कश्मीर को लेकर अमेरिकी नीति में कोई परिवर्तन नहीं आया है।
उन्होंने कहा, "अमेरिकी कश्मीर नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इस समय फिलहाल सबसे ज्यादा जरूरी यह है कि भारत और पाकिस्तान द्विपक्षीय बातचीत को सही ढंग से आगे बढ़ाएं।"
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह निजी तौर पर पाकिस्तान के साथ शांति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। परंतु वह सीमा पार घुसपैठ को रोकने और मुंबई हमले के अभियुक्तों पर कार्रवाई करने को लेकर पाकिस्तान की ओर से प्रगति देखना चाहते हैं।"
ब्लैक ने कहा, "अगर इन दोनों मसलों पर प्रगति दिखाई देती है तो मेरा मानना है कि दोनों देशों के बीच उत्साहजनक ढंग से वार्ता हो सकती है। परंतु इन दोनों पहलुओं पर प्रगति होना बेहद अहम है।"
उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 से 2007 के बीच भारत और पाकिस्तान ने कश्मीर को लेकर कुछ ज्यादा प्रगति नहीं की है। उन्होंने कहा, "मैं मानता हूं कि इस मसले पर दोनों के बीच बातचीत आगे भी चलेगी लेकिन दोनों इसके अलावा अन्य मसलों को जल्द हल कर सकते हैं।"
इससे पहले अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता फिलिप जे. क्राउली ने भी इसी बिंदु को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा दिए गए कश्मीर के अलगाववादियों के साथ बातचीत के प्रस्ताव पर क्राउली ने कहा, "मैं यह कह सकता हूं कि कश्मीर का मसला भारत और पाकिस्तान के बीच बहुत महत्वपूर्ण है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications