आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करे पाक: अमेरिका
अमेरिका के दक्षिण एशियाई मामलों के सहायक विदेश मंत्री रॉबर्ट ब्लैक ने कहा, "अमेरिका किसी भी तरह के आतंकवाद के खिलाफ नर्म रुख नहीं अपनाएगा।" उन्होंने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि पाकिस्तान में चल रहे आतंकी संगठन अमेरिका और भारत के अलावा स्वयं पाकिस्तान के लिए भी खतरा हैं।
पाकिस्तान की जमीन से भारत के खिलाफ होने वाली आतंकी गतिविधियों पर अमेरिका के नर्म रुख अपनाने का सवाल उठने पर उन्होंने कहा, "यह क्षेत्र हमारी पहली प्राथमिकता है, इस क्षेत्र में हमने काफी प्रगति की है यह प्रगति कानून लागू करने के अलावा खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान में भी हुई है।"
ब्लैक ने कहा, "हम दोनों देशों के लिए इस खतरे को काफी गंभीरता से ले रहे हैं क्योंकि हमारा विश्वास है कि आतंकी संगठनों को और मजबूती मिलने पर यह भारत और अमेरिका के लिए बड़ी समस्या बन सकते है, पाकिस्तान के लिए भी यह गंभीर खतरा हैं।"
उन्होंने कहा, "हमारा मानना है कि तीनों देशों के हित के लिए इस समस्या का समाधान करना जरूरी है और यह काम मिलजुल कर करना होगा।"
ब्लैक ने कहा, "अमेरिका उन देशों में से है जिन्होंने पाकिस्तान से न सिर्फ स्वात और दक्षिणी वजीरिस्तान में कार्रवाई जारी रखने को कहा है बल्कि पंजाब स्थित लश्कर-ए-तैय्यबा जैसे संगठनों के खिलाफ भी मोर्चा खोलने की मांग की है।"
उन्होंने कहा, "मै फिर से कहता हूं कि यह हमारे लिए बहुत बहुत ज्यादा प्राथमिकता वाला क्षेत्र है और आपको इस बयान की गंभीरता पर शक नहीं करना चाहिए।"
अफगानिस्तान में भारत के पुनर्निर्माण कार्यों की प्रशंसा करते हुए ब्लैक ने कहा, "हम भारत द्वारा लंबे समय से अफगानिस्तान में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका का स्वागत करते हैं।"
उन्होंने कहा, "हम समझते हैं कि इस कार्य से अफगानिस्तान के साथ भारत के संबंधों में बढ़ोतरी होगी, हमें लगता है कि पाकिस्तान भी यही करेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications