बारिश के कारण उत्तर भारत में मौसम सुहाना (लीड-1)
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने लक्ष्यद्वीप, केरल, कर्नाटक के तटीय और आंतरिक हिस्सों, कोंकण, गोवा, अंडमान निकोबार एवं द्वीप समूह, पश्चिमी बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में तेज बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमोत्तर भारत में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आ सकती है।
देश में सबसे गर्म स्थान काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इधर, दिल्ली में हल्की बारिश के चलते मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग ने और वर्षा होने की संभावना जताई है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया, "दिन में और बारिश होने की संभावना है, लेकिन शाम तक आसमान साफ होने की उम्मीद है।" दिल्ली में 0.6 मीलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
दिल्ली का न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जाहिर किया गया है।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। राज्य के अधिकांश इलाकों में पारा 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वाचल क्षेत्र का गाजीपुर जिला राज्य का सबसे अधिक गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा वाराणसी का अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री, इलाहाबाद का 42.0 डिग्री, कानपुर का 40.7 डिग्री और राजधानी लखनऊ का 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट की कोई संभावना नहीं है। मौसम जस का तस बना रहेगा। कुछ स्थानों पर तेज आंधी आने की संभावना है।
उधर, पश्चिमी बिहार, पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय इलाकों, उड़ीसा, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में भी लू और प्रचंड गर्मी का असर बना हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications